चंडीगढ़। लगातार दो दिन तेज गर्मी झेलने के बाद पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लोग आज रात से अगले तीन दिन तक बारिश के खुशगवार मौसम का आनंद लेने के लिए तैयार हो जाएं। रविवार-सोमवार की रात 40-50 किमी. रफ्तार से तेज आंधी और बारिश के साथ सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत पर लौट रहा है, जिसके प्रभाव से अगले तीन दिन तक तेज हवाएं कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश कराएंगी। इसका असर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के अलावा पंजाब के सटे राजस्थान के कुछ इलाकों और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी दिखाई देगा। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने यह सारी संभावनाएं जताते हुए इन राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ मध्य पाकिस्तान और पंजाब-राजस्थान से जुड़ा ऊपरी हवा का दबाव मध्य राजस्थान तक पहुंच गया है। इसके साथ ही 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालय के क्षेत्रों पर भी सक्रिय हुआ है। इसके चलते, 11 से 14 मई तक कई स्थानों पर मध्यम व हल्की बारिश और कई इलाकों में 40-50 किमी. रफ्तार की तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि 14 मई के बाद मौसम फिर से खुश्क होगा और गरमी बढ़ने लगेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब की आब-ओ-हवा पर सीधा असर दिखेगा और 11 मई की सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। राजस्थान की सीमा से सटे जिलों और माझा बेल्ट में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। यह बदलाव केवल हवाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गरज-चमक के साथ होने वाली हल्की बारिश तापमान में बड़ी गिरावट ला सकती है। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए स्थिति स्पष्ट की है। 11 मई को पठानकोट, अमृतसर, तरनतारन और बठिंडा जैसे सरहदी इलाकों में तेज आंधी का असर रहेगा। 12 मई को मोगा, कपूरथला और संगरूर के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। वहीं 13 मई को जालंधर, लुधियाना और पटियाला समेत दोआबा और पुआध के इलाकों में मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान उमस तो बढ़ेगी, लेकिन दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री की कमी आने से लोगों को राहत मिलेगी।
हरियाणा में आज रात से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है। इसके प्रभाव से विशेष रूप से उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा के जिलों में मौसम में बदलाव आएगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज देर रात से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है, जिसके साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है। सिरसा, हिसार, फतेहाबाद और भिवानी जैसे रेतीले बेल्ट के साथ-साथ उत्तरी हिस्से के अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इन 7 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ : आज रात तेज आंधी और बारिश के लिए हो जाएं तैयार
