आप सरकार के भ्रष्टाचार का खेल खत्म : जाखड़

कहा, सीबीआई ने भारत सरकार नहीं अदालत के आदेश पर कार्रवाई की
चंडीगढ़। पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि आम आदमी पार्टी सरकार के भ्रष्टाचार का खेल खत्म होने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेताओं और उनके गुर्गों द्वारा कथित तौर पर की जा रही लूट से पंजाब को मुक्ति मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें बधाई भी दी।
बुधवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जाखड़ ने सीबीआई की छापेमारी को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और अन्य आप नेताओं के विरोध और विलाप पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई भारत सरकार के आदेशों पर नहीं, बल्कि माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों पर हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों ने आप सरकार को भ्रष्टाचार के मामलों की खुद जांच करने के बार-बार अवसर दिए, लेकिन अपने गुर्गों को बचाते-बचाते मुख्यमंत्री इस आग की आंच अपने घर तक ले आए। उन्होंने कहा कि यदि पंजाब पुलिस और विजिलेंस ब्यूरो ने निष्पक्ष जांच की होती, तो मुख्यमंत्री को यह दिन नहीं देखने पड़ते। जाखड़ ने आगे कहा कि वह भारत सरकार से आग्रह करेंगे कि अदालत के आदेशों के अनुसार जांच निर्धारित समयसीमा में पूरी हो और सीबीआई को आवश्यक स्टाफ उपलब्ध करवाया जाए, ताकि आप के कथित पीड़ित होने के नाटक को जनता के सामने बेनकाब किया जा सके।
पिछले डेढ़ साल की घटनाओं का क्रम साझा करते हुए जाखड़ ने आरोप लगाया कि दिल्ली में आप की हार और वहां सत्ता से बाहर हुए नेताओं द्वारा पंजाब सरकार पर कब्जा करने के बाद से पंजाब के खजाने की लूट कई गुना बढ़ गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस अवधि में कैबिनेट की बैठकें सचिवालय के बजाय एक खास कोठी में क्यों हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की भूमिका बैठकों में केवल तस्वीरें खिंचवाने तक सीमित है, जबकि सभी फैसले मनीष सिसोदिया लेते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल के गैंग ने पंजाब को लूटने की एक सुनियोजित साजिश रची और जो लोग उसके मोहरे बने, वही अब सबसे अधिक डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने किए का हिसाब देना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *