बीते दो चुनावों के मुकाबले मतदान की गति काफी धीमी
हरियाणा में दोपहर तक औसतन 24.8 फीसदी मतदान
अंबाला में 36.6 और सोनीपत में 22.6 फीसदी मतदान
चंडीगढ़। हरियाणा में रविवार को स्थानीय निकाय चुनाव के तहत अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों सहित कई शहरी निकायों में सुबह से मतदान जारी है। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं है। राज्य निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर एक बजे तक औसतन 24.8 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 2,16,189 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सुबह 8 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। राज्यभर में तेज गर्मी के बावजूद कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं।
पंचकूला में दोपहर 2.30 बजे तक 33.2 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया और इस समयावधि तक 69,806 मतदाता वोट डाल चुके हैं। यहां दोपहर 1 बजे तक 22.9 फीसदी ही मतदान हुआ था, जिसमें अब तेजी आती दिखाई दे रही है। फिर भी, इस बार पंचकूला में मतदान की गति वर्ष 2020 (ढाई बजे तक 54 फीसदी) और वर्ष 2013 (ढाई बजे तक 64.01 फीसदी) के मुकाबले काफी धीमी है। उधर, अंबाला में 1.98 लाख मतदाताओं के बीच अब तक 72,481 मतदाताओं ने वोट डाल दिया है। इस तरह दोपहर 2.30 बजे तक अंबाला में 36.6 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है। सोनीपत में ढाई बजे तक 22.6 फीसदी मतदान हो चुका है। हिसार में 55 फीसदी और रेवाड़ी में 41.7 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।
