जुलाई 2022 से अब तक कार्यकारी डीजीपी रहे
अब अगले दो साल तक पद पर बने रहेंगे
चंडीगढ़। बीते चार साल से पंजाब के कार्यकारी डीजीपी के तौर पर पदभार संभाल रहे 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी गौरव यादव को रेगुलर डीजीपी नियुक्त कर दिया गया है। शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किए गए। उनका कार्यकाल अब पद संभालने की तिथि से कम से कम दो साल तक रहेगा।
यूपीएससी ने 1 जुलाई 2026 के पत्र के जरिए पंजाब सरकार द्वारा भेजे गए पैनल में से तीन आईपीएस अधिकारियों को पंजाब में डीजीपी पद के लिए योग्य करार दिया था। इस पैनल में गौरव यादव के अलावा शरद सत्य चौहान और हरप्रीत सिंह सिद्धू के नाम शामिल थे।
पैनल पर विचार करने के बाद राज्यपाल ने गौरव यादव की नियुक्ति को मंजूरी दी है। नियुक्ति के आदेश में सुप्रीम कोर्ट द्वारा 1996 की याचिका नंबर 310 प्रकाश सिंह व अन्य बनाम यूनियन आफ इंडिया व अन्य, पर 22 सितंबर 2006 और 3 जुलाई 2018 को दिए गए फैसलों व निर्देशों का हवाला दिया गया है। इन्हीं निर्देशों का पालन करते हुए गौरव यादव का कार्यकाल पद संभालने की तिथि से कम से कम दो साल निर्धारित किया गया है। गौरतलब है कि गौरव यादव जुलाई 2022 से पंजाब के कार्यकारी डीजीपी के रूप में कार्यभार संभाल रहे हैं।
