पंजाब राज्य में 86.02 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग हुई: सीईओ
अनमैप्ड मतदाताओं की सूची राजनीतिक दलों के साथ साझा की
चंडीगढ़। पंजाब राज्य में 25 जून से शुरू होने वाली विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत घर-घर गणना चरण के संबंध में मंगलवार को पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने राज्य की मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान बीएलओ द्वारा घर-घर दौरे के समय गणना प्रपत्रों के वितरण, भरने तथा संग्रहण संबंधी जानकारी साझा की गई।
बैठक के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार पंजाब राज्य में 25 जून से घर-घर गणना का कार्य प्रारंभ होगा, जो 24 जुलाई तक चलेगा। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के इस कार्य में 24,453 बीएलओज़ 25 जून से 24 जुलाई तक राज्य के 2 करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 मतदाताओं तक पहुंचेंगे। मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) का कार्य 24 जुलाई तक पूरा किया जाएगा, जबकि मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 3 अगस्त 2026 को किया जाएगा। मतदाता सूचियों के संबंध में दावे और आपत्तियां 3 अगस्त से 2 सितंबर तक पेश की जा सकेंगी। दावों और आपत्तियों का निपटारा 3 अगस्त से 28 सितंबर तक किया जाएगा। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 1 अक्टूबर, 2026 को किया जाएगा।
बैठक के दौरान उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि राज्य में 86.02 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। अनमैप्ड मतदाताओं से संबंधित सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई। मित्रा ने SIR को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए राजनीतिक दलों से सक्रिय भागीदारी और चुनावी अमले को अधिकतम सहयोग देने की अपील की। बैठक में अतिरिक्त सीईओ अमनदीप गर्ग, संयुक्त सीईओ नवनीत कौर बल्ल के अलावा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में आम आदमी पार्टी से फैरी सॉफ्ट, बहुजन समाज पार्टी से जसवंत राय और हरभजन सिंह, भारतीय जनता पार्टी से परमपाल कौर, कांग्रेस पार्टी से हरदीप सिंह किंगरा और हैप्पी खेड़ा तथा शिरोमणि अकाली दल से एडवोकेट अर्शदीप सिंह क्लेर और नछत्तर सिंह गिल उपस्थित थे।
