मोदी ने अपने अहंकार में सोनम वांगचुक का अपमान किया : केजरीवाल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जंतर मंतर से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को जबरन उठाए जाने की घटना को लेकर कहा कि नरेंद्र मोदी ने अहंकार वश सोनम वांगचुक का अपमान किया। मोदी को सोनम वांगचुक से बात करनी चाहिए थी। देशवासियों को सोचना चाहिए कि क्या इसीलिए हमने आजादी ली थी कि एक दिन हमारी ही सरकार हमारे साथ बदसलूकी करेगी? सरकार पेपर लीक रोकने, शिक्षा व्यवस्था को ठीक करने की बजाय युवाओं का आंदोलन को बड़ी बेरहमी से कुचलने में लगी है। उन्होंने सोनम वांगचुक से कहा कि मज़बूत बने रहिए सोनम जी, यह देश आपके साथ खड़ा है। साथ ही देशवासियों से कहा कि आज सोनम वांगचुक, अभिजीत दीपके और ये सारे युवा आपके बच्चों के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं। अब घर बैठने से काम नहीं चलेगा। अब सबको एक होकर सड़कों पर उतरना होगा। तभी इस देश में कुछ बदलेगा। उठो और जंतर-मंतर चलो।
केजरीवाल ने कहा कि आज सुबह उठते ही यह खबर मिली कि सोनम वांगचुक जी को बहुत ही गलत तरीके से उनके धरना स्थल से उठा लिया गया है और उनका अनशन तोड़ने की कोशिश की गई है। सादे कपड़ों में पुलिस भेजकर, चारों तरफ से चादर से ढककर और उनके साथियों के साथ बदसलूकी व धक्का-मुक्की करके उन्हें जबरन उठाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। केजरीवाल ने याद दिलाया कि महात्मा गांधी ने भी कितने लंबे-लंबे उपवास किए थे, लेकिन उनके साथ ऐसा व्यवहार तो अंग्रेज भी नहीं करते थे।
केजरीवाल ने कहा कि मैं मोदी जी से प्रार्थना करता हूं कि ऐसा मत करो और इतना अहंकार मत करो, क्योंकि इतना अहंकार अच्छा नहीं होता है। इतिहास इस बात का गवाह है कि जब-जब किसी ने इतना अहंकार किया है, उसका नाश ही हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *