भारत को बनाएं सशक्त राष्ट्र, नशे को नहीं खेल को कहें हां : पुष्कर धामी

पंचकूला। ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में चल रही नमो क्रिकेट लीग में शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और मैदान पर बल्ला थामकर क्रिकेट में भी हाथ आजमाया। बल्ला हाथ में आते ही धामी ने कहा कि इससे उन्हें अपना बचपन याद आ गया और उनका मन काफी देर तक खेलने का करने लगा।

धामी ने खिलाड़ियों से कहा कि ‘नशे को ना, खेल को हां’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ‘खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब’ के नारे को अब हकीकत में बदलना होगा। युवाओं की ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि खेल, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है। जीतने वाला सफलता हासिल करता है, जबकि हारने वाला अनुभव और सीख लेकर आगे बढ़ता है। खिलाड़ियों को पूरी लगन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

धामी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और हरियाणा में तो खेल युवाओं की जीवनशैली का हिस्सा रहा है। हाल में कामवेल्थ खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय विशेषतया हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से भारत को सशक्त राष्ट्र बनाना समय की मांग है। इस अवसर पर उन्होंने नमो क्रिकेट लीग के संस्थापक-आयोजक तरुण भंडारी के प्रयासों की भी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *