राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिले INDIA गठबंधन के नेता, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे का मुद्दा उठाया

नई दिल्ली। देश की चुनावी व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर INDIA गठबंधन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर अपनी चिंताओं से अवगत कराया। विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर चुनावी व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। साथ ही, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई।

बैठक के बाद गठबंधन के एक नेता ने कहा कि राष्ट्रपति के साथ हुई बातचीत उनके लिए काफी अप्रत्याशित रही। उनके अनुसार, राष्ट्रपति ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों को सीधे तौर पर खारिज करने के बजाय विपक्षी नेताओं से इन आरोपों के समर्थन में सबूत प्रस्तुत करने को कहा।

विपक्षी नेता ने कहा कि INDIA गठबंधन राष्ट्रपति के समक्ष अपने आरोपों से संबंधित सभी साक्ष्य पेश करने के लिए तैयार है। उन्होंने भरोसा जताया कि गठबंधन इस मामले में बड़ी संख्या में सबूत जुटाकर राष्ट्रपति को सौंपेगा। विपक्ष का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इन शिकायतों की गंभीरता से जांच जरूरी है।

नेता ने राष्ट्रपति की ओर से मामले की जांच करने और उचित कार्रवाई पर विचार करने के आश्वासन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन इस मुद्दे को लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय मानता है।
उधर, राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा- मैंने अभी-अभी भारत के राष्ट्रपति के साथ एक अविश्वसनीय बैठक में हिस्सा लिया। हमने उन्हें अपना ज्ञापन सौंपा, जिसमें बताया गया कि कैसे पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने भारत की चुनावी व्यवस्था को बुरी तरह से कमज़ोर किया है, और साथ ही ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग की। मुझे हैरानी हुई कि राष्ट्रपति ने ‘वोट चोरी’ की बात से इनकार नहीं किया। इसके बजाय, उन्होंने हमसे सबूत लाने को कहा। हम उनके सामने सबूतों का अंबार लगा देंगे। INDIA गठबंधन खुशी-खुशी उनके सामने हर सबूत पेश करेगा। हम उनके इस आश्वासन का स्वागत करते हैं कि वह मामले की जांच करेंगी और कार्रवाई करेंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *