बोह घाटी के प्रभावित परिवारों को सरकार हरसंभव सहायता प्रदान करेगी: मुख्यमंत्री 

शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को शिमला से टेलिफोन के जरिए कांगड़ा जिले की बोह घाटी में बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया से बात की और आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से भी फोन पर बात की और उन्हें हर सम्भव सहायता का आश्वासन दिया।
उप-मुख्य सचेतक ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके निर्देशों पर जिला प्रशासन ने जिन 19 परिवारों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें तत्काल राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री की किट उपलब्ध करवाई है। इसके अतिरिक्त, जिन 17 परिवारों के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें 10-10 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि बादल फटने की घटना से सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को व्यापक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों, पेयजल आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक सेवाओं को शीघ्र बहाल करवाने का भी आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बादल फटने से प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक सेवाओं की बहाली को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा। सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वह शीघ्र ही बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का स्वयं आकलन करेंगे। उन्होंने आगामी दिनों में भारी वर्षा की संभावना के मद्देनजर प्रदेशवासियों से सतर्क रहने की भी अपील की।
गौरतलब है कि कांगड़ा ज़िले की बोह घाटी के गढ़गुन और स्पाडा गांवों में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। इस आपदा में पच्चीस घर पूरी तरह से नष्ट हो गए, जबकि कई अन्य घरों को नुकसान पहुँचा। अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *