रंगला पंजाब मिशन : सभी विधानसभा क्षेत्रों को दिए जाएंगे अतिरिक्त 5-5 करोड़ रुपये

  • कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने मोहाली में ‘रंगला पंजाब’ के तहत 8.47 करोड़ की लागत से 174 बुनियादी ढांचा विकास कार्यों की प्रगति का लिया जायजा

मोहाली/चंडीगढ़। जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) में ‘रंगला पंजाब’ मिशन के तहत लगभग 8.47 करोड़ रुपये की लागत से 174 विकास कार्य प्रगति पर हैं। यह जानकारी वीरवार को कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने संबंधित अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दी। इस अवसर पर पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर सिंह गोल्डी और जिला योजना समिति की चेयरपर्सन इंजी. प्रभजोत कौर भी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किए जाएं।
डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने बताया कि कुल 174 कार्यों में से 45 कार्य पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों के लिए 2.5-2.5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त किश्त प्राप्त हो चुकी है। मोहाली, खरड़, डेराबस्सी और बनूड़ क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों में कम्युनिटी सेंटर, पंचायत घर, धर्मशालाएं, खेल मैदान, गलियां, ड्रेनेज सिस्टम, श्मशान घाटों की चाहरदीवारी, गांवों के प्रवेश द्वार, डिस्पेंसरी की मरम्मत, स्कूल कक्षों का निर्माण, सोलर लाइटों की स्थापना और कच्चे मकानों को पक्के करना शामिल है। मंत्री ने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने के बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे।
एसपी (पीबीआई) दीपिका सिंह और एसपी (मुख्यालय) मोहित अग्रवाल ने बताया कि लगभग 333 गांवों/वार्डों में रक्षा समितियां सक्रिय रूप से लोगों को जागरूक कर रही हैं। इसके अतिरिक्त नशा प्रभावित क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से प्रभावित व्यक्तियों का उपचार भी सुनिश्चित किया जा रहा है। बैठक में नगर निगम मोहाली के कमिश्नर संदीप सिंह गाढ़ा, एडीसी (ग्रामीण विकास) सोनम चौधरी, डिप्टी इकोनॉमिक एंड स्टैटिस्टिकल एडवाइजर गुरमिंदर कौर और खरड़, डेराबस्सी और माजरी के बीडीपीओ भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *