E3 Electric.Ai ने शुरू किया E3 TRION का उत्पादन, 7 अक्टूबर से ग्राहकों को मिलेगी डिलीवरी

बेंगलुरू। बेंगलुरु स्थित इलेक्ट्रिक मोबिलिटी स्टार्टअप E3 Electric.Ai ने अपने नए इंटेलिजेंट इलेक्ट्रिक स्कूटर E3 TRION का उत्पादन हैदराबाद स्थित मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी में शुरू कर दिया है। कंपनी के मुताबिक, स्कूटर की ग्राहकों को डिलीवरी 7 अक्टूबर 2026 से चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी। खास बात यह है कि यही तारीख कंपनी की दूसरी वर्षगांठ भी है।
E3 TRION को कंपनी ने अलग-अलग ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तीन वेरिएंट—C1, C1X और C2—में पेश किया है। C1 को युवाओं, C1X को परिवारों और C2 को बिजनेस यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। स्कूटर छह रंगों—नोवा ब्लू, टील ब्लू, ग्रेफाइट ग्रे, मिस्टी ग्रीन, सोलर रेड और लूना व्हाइट—में उपलब्ध होगा।

कंपनी का कहना है कि TRION को भारतीय परिस्थितियों में विश्वसनीयता, सुरक्षा और टिकाऊपन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक टेस्टिंग से गुजारा गया है। स्कूटर पर 550 से अधिक Design Validation Plan (DVP) टेस्ट किए गए हैं। इनमें पावर और रेंज टेस्टिंग, ब्रेक-प्रेशर सेंसर वैलिडेशन समेत कई परीक्षण शामिल हैं।
इसके अलावा, स्कूटर का 205 किलोग्राम पेलोड के साथ Cam Drum Test Rig पर एक्सेलरेटेड ड्यूरेबिलिटी टेस्ट किया गया। वाहन को अलग-अलग स्पीड पर 100 से 300 मिलीमीटर गहरे पानी में वॉटर-वेडिंग टेस्ट, भारी बारिश और वॉटर-वॉश टेस्ट से भी गुजारा गया।
E3 TRION की वास्तविक सड़क परिस्थितियों में भी जांच की गई। कंपनी के अनुसार, स्कूटर ने बेंगलुरु से होगेनक्कल और वापस 260 किलोमीटर का मिक्स्ड-टेरेन रोड ट्रायल पूरा किया, जिसमें पहाड़ी रास्ते, तीखे मोड़, चढ़ाई और खराब सड़कें शामिल थीं।
कंपनी के संस्थापक एवं CEO संजय पी. ने कहा कि उत्पादन शुरू होना E3 के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कठोर टेस्टिंग और वैलिडेशन के बाद TRION अब ग्राहकों तक पहुंचने के लिए तैयार है। पहले 100 ग्राहक E3 की फाउंडिंग-ओनर कम्युनिटी का हिस्सा बनेंगे। इन्हें बैटरी और स्कूटर के प्रमुख हिस्सों पर 8 साल या 1 लाख किलोमीटर, जो पहले हो, तक की एक्सटेंडेड वारंटी के साथ एक साल की रोडसाइड असिस्टेंस भी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *