PEC चंडीगढ़ में 17 करोड़ की लागत से बनेगा छह मंजिला ब्वायज हॉस्टल

यूटी के प्रशासक ने किया नए हॉस्टल भवन का भूमि पूजन
103 ट्रिपल-शेयरिंग कमरों में रह सकेंगे 309 विद्यार्थी

चंडीगढ़। पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने गुरुवार को पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) परिसर में नए ब्वायज हॉस्टल का शिलान्यास किया। इस अवसर पर इंजीनियरिंग सचिव प्रेरणा पुरी, तकनीकी शिक्षा निदेशक पलक अरोड़ा, पीईसी के निदेशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया, यूटी के मुख्य अभियंता सी.बी. ओझा सहित चंडीगढ़ प्रशासन और पीईसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बढ़ती छात्र संख्या और बेहतर आवासीय सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने पीईसी परिसर में नए ब्वायज हॉस्टल के निर्माण को मंजूरी दी है। लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह हॉस्टल छात्रों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराएगा।

प्रस्तावित भवन ग्राउंड फ्लोर सहित छह मंजिला (जी+6) होगा, जिसका कुल निर्मित क्षेत्रफल 78,400 वर्ग फुट होगा। इसमें 103 ट्रिपल-शेयरिंग कमरे बनाए जाएंगे, जिनमें 309 छात्रों के रहने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा हॉस्टल में दो अतिथि कक्ष और एक वार्डन कक्ष भी बनाया जाएगा, जिससे प्रशासनिक कार्यों और आगंतुकों की सुविधा सुनिश्चित की जा सके।

प्रशासन के अनुसार, पीईसी में चल रही दो नए हॉस्टल परियोजनाओं के पूरा होने के बाद संस्थान की कुल छात्रावास क्षमता 2,178 से बढ़कर 2,906 छात्रों तक पहुंच जाएगी। यानी कुल 728 अतिरिक्त छात्रों को आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। नए ब्वायज हॉस्टल का निर्माण कार्य 18 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि नया हॉस्टल छात्रों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा, जिससे उनकी पढ़ाई और शोध गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

चंडीगढ़ प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना शहर में शैक्षणिक अवसंरचना को मजबूत करने और विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। नए हॉस्टल के निर्माण से पीईसी की आवासीय क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और देशभर से आने वाले छात्रों को बेहतर कैंपस जीवन का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *