धर्मशाला में ऐतिहासिक कला संग्रहालय भवन की नींव खिसकी
कांगड़ा की बोह वैली समेत अनेक गांव में कच्चे-पक्के मकान गिरे
धर्मशाला। मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश से कांगड़ा जिले में भारी नुकसान हुआ है। कई गांवों में कच्चे-पक्के मकान ढह गए हैं और मवेशियों की मौत हो गई है। धर्मशाला और इसके आसपास के इलाकों में भारी नुकसान दर्ज किया गया है।
धर्मशाला बस स्टैंड के छोर पर लैंडस्लाइड से ऐतिहासिक कला संग्रहालय भवन खतरे में आ गया है। जमीन खिसकने से इस भवन को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। इसके अलावा भारी बारिश के चलते कांगड़ा जिले के कई अन्य स्थानों पर भी भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। पहाड़ों से मलबा गिरने के कारण कई सडक़ों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे यातायात और स्थानीय जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
बीते एक माह के दौरान कांगड़ा जिले में बारिश से अब तक करीब 128 करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। कांगड़ा के जिलाधीश हेमराज बैरवा ने बुधवार को बताया कि जिला प्रशासन राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों में युद्धस्तर पर जुटा हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिले में अब तक 33 पक्के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं जबकि 39 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 39 मवेशियों की भी मौत हुई है। जिले का बोह वैली क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित है।
