मनीष तिवारी ने एमपी लेड फंड से हल्लो माजरा में कराए नए निर्माण

कहा, जो काम नगर निगम को करना था वह एमपी लेड फंड से कराना पड़ा

चंडीगढ़। चंडीगढ़ से सांसद व पूर्व सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडी) के तहत जारी निधि से दीप कॉम्प्लेक्स हल्लो माजरा में नव-निर्मित छह गलियों को क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए, तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के विकास कार्य नगर निगम द्वारा कराए जाने चाहिए और एमपीएलएडी स्कीम के तहत मिलने वाले फंडों का उद्देश्य केवल शिक्षा और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना होना चाहिए। लेकिन नगर निगम शहरवासियों को बुनियादी ढांचा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रहा है, जिसके कारण हमें लोगों की इन मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अपनी एमपीएलएडी स्कीम के तहत जारी फंडों का उपयोग करने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

इसके अलावा, तिवारी ने चंडीगढ़ टेरिटोरियल कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में युवा विद्यार्थियों के एक सम्मेलन को भी संबोधित किया। उन्होंने वर्ष 1988 से 1993 तक एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में बिताए अपने समय को याद करते हुए, विद्यार्थियों से “पढ़ाई और संघर्ष” के सिद्धांत को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई में पूरी मेहनत करनी चाहिए और साथ ही एक बेहतर एवं अधिक समानतापूर्ण समाज के निर्माण के लिए भी संघर्ष करना चाहिए।

इस अवसर पर अन्य के अलावा, एच.एस. लक्की, चंद्रमुखी शर्मा, वसीम मीर, इमरान मंसूरी, कप्तान सिंह लंबरदार, हरमीत सिंह, जसवंत सिंह, कृपा नंद ठाकुर, दिनेश झा, घनश्याम राणा भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *