पंजाब में फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन 5 मई को, आज छपेगा मतदाता सूची का ड्राफ्ट

चंडीगढ़। पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने पंजाब में नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के उपचुनावों के अलावा आगामी आम चुनावों के लिए अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथि 5 मई, 2026 घोषित की है। यह कार्यक्रम पंजाब नगर पालिका चुनाव नियम-1994 के नियम 3 के तहत जारी किया गया है। फिलहाल राज्य में निकाय चुनावों की तिथियों की घोषणा बाकी है।
अधिसूचित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची का मसौदा 15 अप्रैल, 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। मतदाता 17 अप्रैल से 23 अप्रैल तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। 20-21 अप्रैल को विशेष अभियान के तहत चुनाव अधिकारी मतदाता सूची में सुधार, जोड़ या हटाव करने में नागरिकों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगे। निर्धारित अवधि के दौरान प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों की जांच की जाएगी और उचित सत्यापन के बाद 30 अप्रैल तक उनका निपटारा कर दिया जाएगा। इसके बाद 5 मई को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। आयोग की तरफ से बताया गया है कि मतदाता सूचियों की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय सरकार विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए नवीनतम परिसीमन आंकड़ों का उपयोग करके संशोधन प्रक्रिया चलाई जा रही है। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे मतदाता सूची जारी होने के बाद अपने विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करें और चुनाव के दौरान विसंगतियों से बचने के लिए निर्धारित समय के भीतर आवश्यक सुधार प्रस्तुत करें।
आयोग की अधिसूचना के अनुसार, मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में बरनाला, बठिंडा, अबोहर, बटाला, होशियारपुर, कपूरथला, मोहाली और पठानकोट की आठ नगर निगमों और 104 नगर परिषदों के चुनाव भी शामिल होंगे। इन सभी क्षेत्रों में कुल 4291 मतदान केंद्रों की पहचान की गई है। मोहाली जिले में अधिकारियों ने, मोहाली, बनूड़, जीरकपुर, डेराबस्सी, कुराली, लालड़ू, नयागांव और खरड़ सहित प्रमुख शहरी क्षेत्रों में 634 मतदान केंद्रों की पहचान की है। पटियाला के नाभा, पातड़ां, राजपुरा व समाना में 190, संगरूर भवानीगढ़, धूरी, लोंगोवाल व सुनाम में 126, रोपड़ के आनंदपुर साहिब, मोरिंडा, नंगल, रूपनगर, चमकौर साहिब व कीरतपुर साहिब में 134, मोगा के मोगा व कोट ईसे खान में 136 मतदान केंद्रों की पहचान की गई है।

Schedule_for_the_revision_of_electoral_rolls

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *