आम लोगों के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन, दूध की गुणवत्ता जांचने को मोबाइल वैन और पोर्टेबल किटें जारी
सभी जिला डेयरी विकास कार्यालयों में 9 से 5 बजे तक निशुल्क करवा सकते हैं दूध की जांच: खुड्डियां
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने ‘शुद्ध दूध, तंदुरुस्त पंजाब’ अभियान के तहत दूध में मिलावट रोकने और दूध की गुणवत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-180-2202 शुरू की है। इसके साथ ही एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया है।
इस अभियान संबंधी जानकारी देते हुए पंजाब के पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने बताया कि डेयरी विकास विभाग ने 1 अप्रैल, 2026 से अब तक 160 कैंपों में दूध के 6000 नमूनों की जांच की है। उन्होंने बताया कि घर-घर जाकर जांच करने के लिए 4 मोबाइल प्रयोगशाला वैन पहले से कार्यरत हैं और 5 अन्य मोबाइल वैन विभाग के बेड़े में शामिल की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में जिला डिप्टी डायरैक्टर कार्यालयों में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक नियमित रूप से दूध की जांच की जाती है। गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय लुधियाना के सहयोग से विभाग ने जिला डेयरी विकास कार्यालयों के लिए दूध में मिलावट की जांच हेतु 5000 पोर्टेबल किटें तथा पशुपालन विभाग के वेटरनरी पॉलीक्लीनिकों एवं जागरूकता कैंपों के लिए 500 किटें खरीदी और वितरित की हैं। इन किटों के माध्यम से फैट, एसएनएफ, प्रोटीन के साथ-साथ यूरिया, स्टार्च और हाइड्रोजन पेरॉक्साइड जैसे मिलावटी पदार्थों की मौके पर ही जांच की जा सकती है।
पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य पालन विभाग के प्रमुख सचिव राहुल भंडारी ने कहा कि अब नागरिक सभी जिला डिप्टी डायरेक्टरों के कार्यालयों में दूध के नमूनों की निःशुल्क जांच करवा सकते हैं। अभियान संबंधी किसी भी जानकारी के लिए राज्य नोडल अधिकारी मनदीप सिंह से 98784-41386 और 0172-5027285 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं शुद्ध दूध के उनके अधिकार के प्रति जागरूक करने तथा दूध में मिलावट पर रोक लगाने के उद्देश्य से पूरे राज्य में बड़े स्तर पर ‘शुद्ध दूध, तंदुरुस्त पंजाब’ अभियान शुरू किया है।
