3 लाख लोगों व 167 गांवों के 45 हज़ार से अधिक घरों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल: मुंडियां

267 करोड़ रुपये की लागत वाली नहर आधारित जलापूर्ति योजना लोगों को समर्पित
चंडीगढ़। पंजाब सरकार राज्यभर के लोगों को स्वच्छ एवं पीने योग्य पानी उपलब्ध करवाने के लिए अपने प्रयासों का दायरा लगातार बढ़ा रही है। इसी प्रतिबद्धता के तहत पंजाब के जल आपूर्ति एवं सैनिटेशन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने 267 करोड़ रुपये की लागत वाली नहर आधारित बहुउद्देशीय जलापूर्ति योजना का उद्घाटन किया। यह नहर आधारित परियोजना सीमावर्ती ज़िले अमृतसर के करीब 3 लाख लोगों तथा 167 गांवों के 45,000 से अधिक घरों को स्वच्छ एवं पीने योग्य पानी उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करेगी। यह योजना भूजल पर निर्भरता कम करने तथा नहर आधारित जलापूर्ति प्रणालियों के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
परियोजना की शुरुआत के बाद सभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नहर के पानी को उपचारित कर पीने योग्य बनाने के लिए 39 एमएलडी क्षमता वाला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट अपर बारी दोआब नहर की लाहौर ब्रांच पर कंदोवाली और मज्जूपुरा में स्थापित किया गया है। इसके अलावा 285.97 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है तथा गांवों में 20 पानी की टंकियां बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर 266.95 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों के अजनाला, मजीठा, हरशा छीना और चौगावां ब्लॉकों के 167 गांव कवर होंगे। योजना के तहत अजनाला ब्लॉक के 101, हरशा छीना के 56, मजीठा के 9 और चौगावां का 1 गांव शामिल होगा। नहर का पानी पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से संबंधित गांवों तक पहुंचाया जाएगा और योजना के माध्यम से करीब 45,343 घरों में रहने वाले 2,85,994 ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाएगी।
समारोह के दौरान हलका मजीठा से तलबीर सिंह गिल, हलका राजासांसी से सोनिया मान, एसडीएम अजनाला चारूमित्रा, जल आपूर्ति एवं सैनिटेशन विभाग के चीफ इंजीनियर आरके खोसला, निगरान इंजीनियर गुरप्रीत सिंह, कार्यकारी इंजीनियर साहिल आनंद, जेएमसी एलसीई एसपीएल (कल्पतरु) कंपनी के जीएम रजनीश, जीएम श्री दर्शन भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *