पंजाब में भगवंत मान के अलावा कोई भी सुरक्षित नहीं: वड़िंग

जालंधर में आरटीआई एक्टिविस्ट की हत्या की निंदा की

चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने  जालंधर में आरटीआई एक्टिविस्ट और वकील सिमरनजीत सिंह की हत्या की कड़ी निंदा की है। यहां जारी एक बयान में, वड़िंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार के दौरान पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के अलावा कोई भी सुरक्षित नहीं है। मुख्यमंत्री भी केवल इसलिए सुरक्षित हैं, क्योंकि सैकड़ों पुलिसकर्मी 24 घंटे उनकी सुरक्षा में तैनात हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चाहे अपराधी हों, गैंगस्टर हों या फिर आतंकवादी हो, पंजाब में किसी को भी कानून का कोई डर नहीं रह गया है। उन्होंने उल्लेख किया कि कुछ दिन पहले अमृतसर में एक एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और अब तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है जबकि आतंकवादियों द्वारा इस हत्या का वीडियो भी जारी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि मुख्यमंत्री मान अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करें, क्योंकि वे न केवल सरकार के मुखिया हैं, बल्कि राज्य की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार गृह विभाग के भी प्रमुख हैं। उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि इसकी जवाबदेही आखिरकार मुख्यमंत्री पर ही आकर रुकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *