चंडीगढ़। वार्ड-9 दरिया में लंबे समय से पेयजल संकट और गंदे पानी की सप्लाई से परेशान लोगों ने रविवार को नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
आम आदमी पार्टी (आप) के नेता दविंदर सिंह के नेतृत्व में गांव के लोग मुख्य ट्यूबवेल के पास एकत्र हुए और उन्होंने भाजपा के मेयर और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। गौरतलब है कि गांव दरिया में नए ट्यूबवेल का काम भी पूरा हो चुका है लेकिन उसे अब तक चालू नहीं किया गया। इस बीच पाइप लाइनों के फेरबदल के चलते पुराने ट्यूबवेल से भी लोगों को पानी की सप्लाई नहीं मिल रही और गरमी के इस मौसम में नगर निगम की ओर से पानी के टेंकर भेजकर खानापूर्ति की जा रही है।
आप’ के प्रदेश संयुक्त सचिव सुनील सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन पर भी चंडीगढ़ गांवों के लिए कोई प्रभावशाली फैसला नहीं किया गया और बीजेपी नेता हर बार चुनाव के नजदीक आकर गांवों और कॉलोनियों को गोद लेने और झूठे वादे करने लगते हैं। चुनाव के बाद अपने सभी किए वादे भूल जाते हैं। यही वजह है आज तक गांववासी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीने को मजबूर हैं।” वहीं गांववासियों ने बताया कि दरिया में कई दिनों से पानी नहीं आ रहा है। इसके साथ ही कई इलाकों में पीने का गंदा पानी आ रहा है, जिस कारण बच्चे और बुजुर्ग लगातार बीमार पड़ रहे हैं। गांव की महिलाओं ने मांग रखी कि प्रशासन तुरंत वार्ड-9 में स्वच्छ पेयजल की नियमित सप्लाई सुनिश्चित करे और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
चंडीगढ़ के गांव दरिया में पेयजल संकट से परेशान लोगों ने निगम के खिलाफ किया प्रदर्शन
