मोदी जी, आपसे एक एग्जाम ठीक से नहीं हो रहा, देश क्या चलाओगे?- केजरीवाल

री-नीट एग्जाम में भी गड़बड़ी, किसी छात्र की ओएमआर शीट बदली तो किसी की शीट पर दूसरे छात्र का नाम

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नीट के दोबारा हुए एग्जाम के नतीजों में कई खामियों की शिकायत आने पर पीएम मोदी पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि री-नीट के नतीजों में भी अब भारी गड़बड़ी सामने आ रही है। बेचारे बच्चे जाएं तो जाएं कहां? किसी छात्र की ओएमआर शीट बदल दी गई है तो किसी की शीट अन्य छात्र के नाम पर डाल दी गई है। मोदी जी, आपसे एक एग्जाम ठीक से नहीं हो रहा है। आप देश क्या चलाओगे? 12 सालों में आपने देश का बेड़ा गर्क कर दिया है। आप लोगों की बिल्कुल निकम्मी और अक्षम सरकार है।
केजरीवाल ने कहा कि पहले तो इन्होंने नीट का पेपर लीक कर दिया और अब जब दोबारा हुए पेपर के नतीजे आए हैं, तो उनमें भी बड़े स्तर पर इवेल्यूएशन को लेकर भारी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। बहुत सारे बच्चों ने आरोप लगाए हैं कि उनकी ओएमआर शीट ही बदल दी गई है और किसी अन्य छात्र की शीट उनके नाम पर डाल दी गई है। केजरीवाल ने आगे कहा कि जिन छात्रों की ओएमआर शीट सही भी आई है, उनके शीट के हिसाब से बन रहे अंक और अंतिम नतीजों में दिख रहे अंक बिल्कुल ही अलग हैं। सरकार की ओर से जारी की गई आंसर-की से मिलान करने पर नतीजे बिल्कुल ही अलग आए हैं, जिससे बच्चे बहुत ज्यादा तनाव में हैं। इतने बड़े स्तर पर गड़बड़ी होने के बाद अब बच्चे आखिर जाएं तो जाएं कहां?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *