चंडीगढ़। पंजाब भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने डेरा ब्यास पहुंचकर श्रद्धेय बाबा गुरिंदर सिंह जी का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। इसके बाद राज्यभर में पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व से संवाद स्थापित करने के क्रम में ढिल्लों ने पंजाब के विभिन्न शहरों में जाकर भाजपा के कई पूर्व प्रदेश अध्यक्षों एवं वरिष्ठ नेताओं से उनके निवास स्थानों पर मुलाकात की।

जालंधर में उन्होंने पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया से भेंट की। इसके अतिरिक्त उन्होंने होशियारपुर में पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला और पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना से भी उनके निवास पर जाकर मुलाकात की। फगवाड़ा में उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश से उनके निवास स्थान पर शिष्टाचार मुलाकात की।
