छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ इनेलो की युवा और छात्र इकाई पूरे हरियाणा में करेगी प्रदर्शन

उपायुक्तों के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन
देश-प्रदेश का युवा दमन और अन्याय नहीं सहेगा: करण चौटाला

चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की युवा इकाई के राष्ट्रीय प्रभारी करण चौटाला ने दिल्ली के जंतर मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं-छात्रों पर 20 जुलाई को बीजेपी सरकार द्वारा कराए गए बर्बर लाठीचार्ज और छात्राओं के साथ की गई अभद्रता की घटना की घोर निंदा की। करण चौटाला ने कहा कि बीजेपी सरकार छात्रों की जायज मांगों को दबाने के लिए पुलिस की बर्बरता का सहारा ले रही है। यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले युवाओं और खासकर छात्राओं के साथ जो अभद्र व्यवहार किया गया, वह अत्यंत शर्मनाक और असहनीय है। उन्होंने कहा कि इनेलो युवा इकाई एवं छात्र इकाई (आईएसओ) इस मुद्दे पर पूरी तरह से छात्रों के साथ खड़ी है।
उन्होंने ऐलान किया कि इनेलो की युवा और छात्र इकाई शुक्रवार 24 जुलाई को पूरे हरियाणा के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी और उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेंगी, जिसमें दोषी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की जाएगी। यह कार्यक्रम जिले के सभी वरिष्ठ नेताओं, राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की अध्यक्षता में आयोजित होगा। राष्ट्रीय एवं राज्य कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी, सदस्य, युवा इकाई एवं आईएसओ के सभी कार्यकर्ता तथा भारी संख्या में युवा इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। करण चौटाला ने चेतावनी देते हुए कहा कि बीजेपी सरकार अगर छात्रों की मांगों को नजरअंदाज कर दमन का रास्ता अपनाएगी तो इनेलो युवा इकाई सडक़ों पर उतरकर इसका पुरजोर विरोध करेगी। युवा हरियाणा अब दमन और अन्याय सहने को तैयार नहीं है। हम लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *