
चंडीगढ़। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि पंजाब विधानसभा में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और विपक्षी कांग्रेस आपसी तालमेल के साथ ड्रामा कर रहे हैं ताकि पंजाब के लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाया जा सके।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गुप्त समझौता है, जिसके तहत विपक्ष जनता के मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछने के बजाय बार-बार वॉकआउट कर रहा है, जबकि सत्तापक्ष ऐसे प्रस्ताव पारित कर रहा है जिनका जनकल्याण से कोई संबंध नहीं है।
जाखड़ ने विधानसभा स्पीकर को याद दिलाया कि जुलाई 2025 के सत्र के दौरान धार्मिक बेअदबी से संबंधित कानून बनाने के लिए विशेष सत्र बुलाया गया था, लेकिन छह महीने बीत जाने के बावजूद सरकार उस कानून का मसौदा अभी तक मंजूर नहीं कर सकी है। उन्होंने कहा कि आज तक गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामलों में न्याय नहीं मिला है और इसी कारण दो सरकारें बदल चुकी हैं और तीसरी भी बदल सकती है, फिर भी यह मुद्दा सरकार के एजेंडे में शामिल नहीं है।
