
चंडीगढ़। सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारने की सख्त जरुरत है। शुक्रवार को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की एजेंसियां पाकिस्तान, कनाडा और अमेरिका में सक्रिय गैंगस्टरों द्वारा चलाए जा रहे समानांतर आपराधिक नेटवर्क का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने में विफल रही हैं।
रंधावा ने दावा किया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पहचाने गए 61 विदेशी गैंगस्टर आज भी सक्रिय हैं, जिसके कारण हिंसक वारदात बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े कबड्डी खिलाड़ियों और ग्राम प्रतिनिधियों की हत्या ने मौजूदा सुरक्षा प्रोटोकॉल की खामियों को उजागर किया है। रंधावा ने कहा कि तरन तारन और गुरदासपुर जैसे जिलों में हेरोइन और हथियार गिराने के लिए ड्रोन का बार-बार इस्तेमाल खुफिया और सीमा प्रबंधन की बड़ी विफलता को दर्शाता है। उन्होंने सवाल किया- “जब हमारे सीमावर्ती गांवों में हर हफ्ते ड्रोन गिर रहे हैं, तो पाकिस्तान में ड्रोन संचालकों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है?”
रंधावा ने कहा कि पिछले साल बरामद हुए 272 ड्रोन एक बढ़ते हुए लॉजिस्टिकल नेटवर्क का संकेत देते हैं, जिसके लिए अत्याधुनिक तकनीकी समाधान की आवश्यकता है। अंतरराष्ट्रीय सीमा से 50 किलोमीटर के दायरे में आने वाले जिले मादक पदार्थों के वितरण के प्रमुख केंद्र बन गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस में स्थिर नेतृत्व और केंद्र सरकार द्वारा बीएसएफ की तैनाती के संबंध में स्पष्ट योजना के अभाव में किसानों, व्यापारियों और नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है।
