भाजपा 2027 में पंजाब में सरकार बनाएगी : अमित शाह

मोगा के किली चहलां में बदलाव रैली के साथ की चुनाव अभियान की शुरूआत
पंजाब में नशा, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, धर्म परिवर्तन का उठाया मुद्दा

किली चहलां (मोगा)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने शुक्रवार को मोगा की ऐतिहासिक “बदलाव रैली” के साथ पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत कर दी। अमित शाह ने ऐलान किया कि 2027 में भाजपा पंजाब में सरकार बनाने के लिए विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
मोगा के किली चहलां में पार्टी की ऐतिहासिक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने दावा किया कि जिन राज्यों में भाजपा को एक बार 19 प्रतिशत वोट मिल जाते हैं, वहां पार्टी की सरकार बन जाती है। उन्होंने ओडिशा, त्रिपुरा, मणिपुर और उत्तराखंड का उदाहरण देते हुए कहा कि अब अगला नंबर पंजाब का होगा। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब में नशा, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और धर्म परिवर्तन की समस्या खत्म नहीं हो रही। राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि कर्ज, ड्रग्स, धर्म परिवर्तन, भ्रष्टाचार और गैंगस्टरों के आतंक से तबाह पंजाब को मोदी ही बचा सकते हैं। शाह ने कहा, “पंजाब ने देश के अन्न भंडार भरे हैं और भारत की सीमाओं की रक्षा भी पंजाब के जवान ही कर रहे हैं। लेकिन अफसोस की बात है कि पंजाब में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। अगर सरकार होती तो पंजाब में कानून-व्यवस्था की हालत इतनी खराब न होती, नशा खत्म हो गया होता और खेती की हालत भी बेहतर होती।”

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि आप ने बदलाव का वादा किया था, लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री केजरीवाल को हेलीकॉप्टर में दूसरे राज्यों में घुमाने के लिए पायलट बनने से ज्यादा कुछ नहीं कर रहे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आप ने 25 लाख नौकरियों का वादा पूरा किया? क्या 4 महीने में नशा खत्म हुआ? 16,000 सरकारी क्लीनिकों का क्या हुआ? बुजुर्ग और विधवा पेंशन 2500 रुपये करने का वादा क्या हुआ? उन्होंने कहा कि पंजाब में 16 मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा भी पूरा नहीं हुआ। हर साल माइनिंग से 20 हजार करोड़ रुपये कमाने की बात भी पूरी नहीं हुई। किसानों को सभी फसलों पर एमएसपी देने और 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को 5 लाख रुपये मुआवजा देने का वादा भी पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि आप ने पंजाब के साथ वादा खिलाफी की है। यह भ्रष्टाचार से भरी सरकार है। अमित शाह ने पंजाब की जनता से अपील की कि अकाली दल और कांग्रेस को पहले भी मौके मिल चुके हैं, लेकिन वे कोई समस्या हल नहीं कर सके, इसलिए भाजपा को एक मौका दिया जाए। शाह ने वादा किया कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो दो साल के अंदर नशे को खत्म किया जाएगा और धर्म परिवर्तन के खिलाफ कानून बनाकर उस पर रोक लगाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *