चंडीगढ़/पंचकूला। फरीदाबाद अग्नि एवं विस्फोट कांड के शहीद भवी चंद शर्मा व रणवीर को शहीद का दर्जा देने, आश्रितों को एक-एक करोड़ रूपया आर्थिक सहायता राशि और नियमित नौकरी देने व अग्निशमन विभाग के नियमित एवं अनियमित दमकल कर्मचारियों के 22 सूत्रीय मांगपत्र को लेकर फायर निदेशालय सेक्टर-2 पंचकूला में फायर महानिदेशक के साथ हुई बैठक बेनतीजा रही। इसके बाद प्रदेशभर के दमकल कर्मचारियों ने 8 व 9 अप्रैल को पूर्व घोषित दो दिवसीय हड़ताल करने का ऐलान करते हुए चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने 9 अप्रैल तक मांगों का समाधान नहीं किया तो दो दिवसीय हड़ताल को हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने के लिए मजबूर होगी ।
हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजिंदर सिंद एवं महासचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया कि फायर महानिदेशक सतबीर सिंह, उपनिदेशक रोमी सिंगला, उपनिदेशक (तकनीकी) सज्जन सांगवान, लेखाकार नितिन पाल एवं अधीक्षक अमर सिंह सहित विभागीय अधिकारियों और यूनियन के राज्य प्रतिनिधिमंडल के बीच लगभग दो घंटे तक गंभीर चर्चा हुई। बावजूद इसके, किसी भी मांग का ठोस समाधान नहीं निकल सका। महानिदेशक ने अग्निकांड के शहीदों को शाहिद का दर्जा देने एक-एक करोड़ रूपया आर्थिक सहायता परिवार के एक सदस्य को नियमित नौकरी देने में है असमर्थता जताते हुए सरकारी स्तर फैसला लिए जाने की बात कही । महानिदेशक की इस प्रतिक्रिया पर हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए आंदोलन जारी करने का ऐलान किया। बैठक के बाद विभिन्न जिलों से आए यूनियन नेताओं ने पंचकूला दमकल केंद्र पर राज्य कमेटी की बैठक कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 9 अप्रैल तक सरकार ने मांगो का समाधान नहीं किया तो हड़ताल मांगे पूरी होने तक जारी रहेगी। यूनियन नेताओं ने सरकार की नियत पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह बैठक केवल औपचारिकता पूरी करने के लिए बुलाई गई है।
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव मांगेराम तिगरा ने हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन के आंदोलन का समर्थन करते हुए ऐलान किया कि हड़ताल के समर्थन में प्रदेशभर के पालिकाओं परिषदों एवं नगर निगमो के हजारों कर्मचारी सभी दमकल केंद्रों पर “उल्टा झाड़ू प्रदर्शन” करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
बैठक बेनतीजा, 8 व 9 अप्रैल को हरियाणा में दमकल कर्मी करेंगे हड़ताल
