घनौर। पंजाब की अनाज मंडियों में गेहूं खरीद का काम लगभग रुक गया है। यूथ अकाली दल के प्रधान और घनौर हलका इंचार्ज सरबजीत सिंह झिंजर ने गुरुवार को आरोप लगाया कि मंडियों में पहुंचे गेहूं का सिर्फ़ 2 फीसदी ही सीज़न के पहले 16 दिनों में खरीदा गया है। इससे किसानों के लिए बड़ा संकट खड़ा हो गया है और मंडियों में नई फ़सल उतारने के लिए जगह नहीं बची है।
झिंजर ने एसजीपीसी सदस्य जसमेर सिंह लछरू के साथ घनौर अनाज मंडी का दौरा कर हालात का जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल को खरीद सीज़न शुरू होने के बावजूद सिस्टम पूरी तरह से फेल हो गया है। उन्होंने चेताया कि अगर आम आदमी पार्टी सरकार ने गुरुवार और शुक्रवार तक उठान शुरू नहीं किया, तो मंडियों में नई आवक के लिए जगह नहीं बचेगी।
केंद्र सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए झिंजर ने कहा कि 4 अप्रैल को ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से हुए नुकसान को देखते हुए हरियाणा के लिए गेहूं खरीद के नियमों में ढील दी गई, लेकिन पंजाब के किसानों को वैसी राहत नहीं दी गई। उन्होंने पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ से सवाल किया, “हम हरियाणा के किसानों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन पंजाब के साथ यह भेदभाव क्यों?” झिंजर ने दावा किया कि घनौर मंडी के कई व्यापारियों ने उनसे कहा कि अगर सरकार ने जल्द ही मंडी की जगह खाली नहीं की, तो किसान अपनी उपज हरियाणा में बेचने के लिए मजबूर होंगे। मौके पर मौजूद किसान सुरिंदर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि कोई भी उनकी उपज लेने नहीं आ रहा है। झिंजर ने जिला प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि अगर तुरंत लिफ्टिंग शुरू नहीं हुई तो संघर्ष तेज किया जाएगा।
इस मौके पर गुरजंट सिंह मेहदूदा, अवतार सिंह अंटाल, जसदेव सिंह जस्सी, सर्किल अध्यक्ष जसविंदर सिंह, कुलदीप सिंह, जगदेव सिंह जग्गा, स्मित्तर सिंह, गुरजिंदर सिंह, रघबीर सिंह, सर्किल अध्यक्ष गुरतेज सिंह युवा व किसान दर्शन सिंह मेहदूदा, अंग्रेज सिंह कामी खुर्द, सलिंदर सिंह कामी खुर्द, नागर सिंह सरला खुर्द, बलविंदर सिंह संधू रुड़का, भूपिंदर सिंह, गुरमेल सिंह कामी खुर्द, कुलदीप कुमार कामी खुर्द, कश्मीर सिंह बघौरा, करणवीर सिंह बघौरा व आशीषपाल सिंह हरिगढ़ मौजूद थे।
पंजाब की मंडियों में सिर्फ़ 2 फीसदी हुई गेहूं की लिफ्टिंग: यूथ अकाली दल
