चंडीगढ़। पंजाब के वित्त, आबकारी और कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने वीरवार को आबकारी और कर विभाग की कार्यशीलता और एनफोर्समेंट क्षमताओं को मजबूत करने के लिए 25 नई बोलेरो गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इस कदम से फील्ड में मौजूदगी में वृद्धि होगी, टैक्स चोरी को नकेल डाली जाएगी और पंजाब सरकार के लिए राजस्व एकत्र करने को बढ़ावा मिलेगा।
प्रेस को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री चीमा ने कहा, “अधिकतम भौगोलिक कवरेज और कार्यशीलता को सुनिश्चित करने के लिए, विभाग ने लगभग 2.21 करोड़ रुपये की कुल लागत से ये 25 बोलेरो वाहन खरीदे हैं। इन वाहनों को विभिन्न जिलों, एनफोर्समेंट विंगों और हमारी महत्वपूर्ण मोबाइल यूनिट्स में तैनात किया जाएगा।”
चीमा ने कहा, “आबकारी और कर विभाग पूरे राज्य में टैक्स कानूनों की सख्ती से पालन सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाता है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान, विभाग ने शानदार प्रदर्शन किया और पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के मुकाबले टैक्स संग्रह में स्वस्थ वृद्धि दर्ज की गई।”
मजबूत राजस्व वृद्धि :
चीमा ने बताया, “कुल टैक्स राजस्व में साल-दर-साल मजबूत वृद्धि देखने को मिली है। कुल जीएसटी कलेक्शन 11.87 फीसदी बढ़कर 24,799.18 करोड़ रुपये से 27,744.05 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि शुद्ध जीएसटी कलेक्शन 12.52 फीसदी की वृद्धि के साथ 23,642.08 करोड़ रुपये से 26,601.12 करोड़ रुपये हो गया है। इसी तरह, आबकारी राजस्व में 9.15 फीसदी की वृद्धि हुई है, जो 2024-25 में 10,752.80 करोड़ रुपये के मुकाबले 11,736.57 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।”
एनफोर्समेंट में हुए बड़े सुधार:
वित्त मंत्री चीमा ने कहा, “एनफोर्समेंट गतिविधियों में स्टेट इंटेलिजेंस एंड प्रिवेंटिव यूनिट्स का बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में, सड़क चेकिंग और निरीक्षणों के माध्यम से लगाया गया कुल जुर्माना 321.04 करोड़ रुपये था, जो वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह तेजी से बढ़कर 1,384.09 करोड़ रुपये हो गया है, जो जुर्माना लगाने में चार गुना से अधिक और वसूली में लगभग छह गुना वृद्धि को दर्शाता है। यह बड़ा सुधार विभाग की लगन, दक्षता और मजबूत जमीनी-स्तर की एनफोर्समेंट कोशिशों को उजागर करता है।”
