पार्टी चंडीगढ़ के नगर निगम और लोकसभा चुनाव में भी उतरेगी
शिअद के निराश अकाली कैडर के पार्टी से जुड़ने का किया आह्वान
चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी चंडीगढ़ इकाई का औपचारिक रूप से ऐलान किया। पार्टी ने आने वाले नगर निगम चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ संसदीय सीट से चुनाव लड़ने का भी ऐलान किया।
मीडिया को संबोधित करते हुए गुरजीत सिंह तलवंडी जनरल सेक्रेटरी और पार्टी ऑब्जर्वर (चंडीगढ़) ने कहा कि चंडीगढ़ भौगोलिक और सामाजिक रूप से पंजाब का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने बादल धड़े की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि सुखबीर सिंह बादल की अध्यक्षता में पार्टी ने चंडीगढ़ के लोगों और यहां के अकाली कार्यकर्ताओं की अनदेखी की। उनकी नीतियों के कारण अकाली कैडर निराश हो गया, जिसके परिणामस्वरूप कई कार्यकर्ता या तो घर बैठ गए या अन्य पार्टियों में शामिल हो गए।
उन्होंने कहा,”पार्टी अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह (पूर्व जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब) के निर्देशों के तहत और श्री अकाल तख्त साहिब के 2 दिसंबर 2024 के हुकमनामे के अनुसार, हम सभी अकाली धड़ों को एक मंच पर लाने में सफल रहे हैं।” उन्होंने कहा कि हमने ज़ोन इंचार्ज नियुक्त कर दिए हैं, जो जमीनी स्तर तक पहुंच करेंगे और एक महीने के भीतर पार्टी की पूरी संरचना का ऐलान किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वरिष्ठ नेताओं में गुरनाम सिंह सिद्धू (पूर्व अध्यक्ष, शिरोमणि अकाली दल चंडीगढ़), पतवंत सिंह रियार (पूर्व अध्यक्ष, शिरोमणि अकाली दल चंडीगढ़), मोहिंदर सिंह (पूर्व डिप्टी मेयर, चंडीगढ़) और अमरिंदर सिंह (पूर्व सदस्य, एसजीपीसी यूटी) मौजूद रहे।
पार्टी नेतृत्व ने सभी पंथक संगठनों और चंडीगढ़ के गांवों से अपील की कि वे आगे आकर इस लहर से जुड़ें। उन्होंने कहा कि एक क्षेत्रीय पार्टी की गैरहाजिरी के कारण चंडीगढ़ के लोगों की आवाज़ अनसुनी रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी चंडीगढ़ की सभी सोसाइटियों और संगठनों तक पहुंच करके उनकी राय लेगी और उनकी चिंताओं को आवाज़ देगी।
