केजरीवाल और मान को दी चुनौती- मुझ पर चाहे जितने केस दर्ज कर लें
चंडीगढ़। शिरोमणी अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आम आदमी पार्टी के कनवीनर अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान को चुनौती देते हुए कहा कि वे उनके खिलाफ जितने मर्जी मामले दर्ज कर लें। उन्होने कहा कि श्री अकाल तख्त के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह के साथ मिलीभगत कर उन्हें एक झूठे मामले में फंसाने का नया प्रयास किया जा रहा है।
यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए अकाली दल अध्यक्ष ने कहा,‘‘मैं न तो अपने खिलाफ मामला दर्ज होने से डरता हूं न ही जेल जाने से डरता हूं।” उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि पूर्व अकाल तख्त के जत्थेदार आप पार्टी के सक्रिय मैंबर बन गए हैं और इसी कारण वे तख्त के सामने रखे मेरे शब्दों एवं भावनाओं को गलत तरीके से तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि पूर्व जत्थेदार की इस तरह की हरकतें ‘मर्यादा’ के खिलाफ है।
बादल ने भाखड़ा बांध के जलस्तर में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए कहा कि यह पिछले साल के स्तर से 21फीट ज्यादा है, जो 1578 फीट तक पहुंच गया था। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा स्थिति पर ध्यान न देने की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के अधिकारियों से समय पर पानी छोड़ने के लिए समन्वय नहीं किया। बादल ने कहा कि पिछले साल भाखड़ा बांध से समय पर पानी छोड़ने में नाकामी के कारण पंजाब में लाखों एकड़ धान की फसल तबाह हो गई थी और जिससे किसानों की आजीविका बुरी तरह प्रभावित हुई थी। इस साल भी इसी तरह की स्थिति पैदा हो रही है।
