हरियाणा के सीएम ने कपूरथला में माता भद्रकाली मंदिर में माथा टेका
कहा- पंजाब निकाय चुनाव में कांग्रेस और आप के बीच हुई साठगांठ
कपूरथला। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कपूरथला स्थित माता भद्रकाली मंदिर में माथा टेका। उन्होंने कहा कि माता के दरबार पहुंचने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
मंदिर से लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब के निकाय चुनाव को लेकर प्रदेश की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस और आप दोनों आपस में मिली हुई हैं और दोनों की विचारधारा ने पंजाब में हुए निकाय चुनावों में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई हैं। उन्होंने आगे कहा कि बैलट पेपर से चुनाव करवा कर पंजाब सरकार ने साबित कर दिया कि वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी हार से डरी हुई है। पंजाब सरकार ने जनता से वादे तो किए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की जनता के लिए अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं और केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई आयुष्मान योजना में राज्य सरकार ने चिरायु योजना को शामिल कर हरियाणा की जनता को फायदा पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को बताना चाहिए कि उनके द्वारा जनता से किए गए वादों में से कितने वायदे अब तक पूरे किए गए। उन्होंने कहा कि इस समय पूरे पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। गैंगस्टरवाद को बढ़ावा मिल रहा है और विकास कार्यों के नाम पर कुछ खास नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नशे के विरुद्ध चलाई गई मुहिम ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ भी नाकाम रही है।
