चंडीगढ़। हरियाणा के सीनियर मंत्री कृष्ण लाल पंवार शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। सायं करीब 4 बजे चंडीगढ़ से पानीपत जाते समय जीटी रोड पर एल्डिको सिटी के निकट मंत्री का काफिला अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गया। इस हादसे में पंवार की सरकारी इनोवा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पंवार को चोटें आईं हैं। हादसे के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। कैबिनेट मंत्री के काफिले के हादसे की सूचना मिलते ही पानीपत के डीसी और एसपी भी अस्पताल पहुंच गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, काफिले के आगे चल रही दिल्ली नंबर की एक गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दिए जाने के कारण तेज रफ्तार काफिले में शामिल पायलट गाड़ी ने भी तुरंत ब्रेक लगाए, जिसके चलते पीछे चल रही मंत्री की गाड़ी समेत 3-4 गाड़ियां आपस में टकराती चली गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंत्री की गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।
कृष्ण लाल पंवार सड़क हादसे का शिकार, पानीपत के अस्पताल में भरती
