कवयित्री डॉ. देवयानी सिंह के कविता संग्रह‘रॉक डेज़ीज’ का विमोचन

चण्डीगढ़ : चण्डीगढ़ प्रेस क्लब, सेक्टर 27 में कवयित्री एवं लेखिका डॉ. देवयानी सिंह के कविता संग्रह ‘रॉक डेज़ीज’ का विमोचन किया गया। साहित्यिक कार्यक्रम में लेखकों, पत्रकारों, साहित्य प्रेमियों और कविता के प्रशंसकों ने हिस्सा लिया।
‘रॉक डेज़ीज’ में करीब 190 कविताएं शामिल हैं। पुस्तक की कविताएं युद्ध, जंगल, सामाजिक बदलाव, प्रेम, महिलाओं के साहस, रोजमर्रा के जीवन और मानवीय संवेदनाओं जैसे विभिन्न विषयों को छूती हैं। कविताओं में छोटे-छोटे अनुभवों और जीवन की कठिन परिस्थितियों के बीच उम्मीद और संवेदना को उभारने का प्रयास किया गया है।
डॉ. देवयानी सिंह ने पुस्तक की रचनात्मक यात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि कविताएं उनके लिए बिखरी हुई ‘रॉक डेज़ीज’ की तरह हैं—कुछ छिपी हुई और कुछ कठिन परिस्थितियों से गुजरकर सामने आईं। उन्होंने इन्हें एकत्र कर अपने पाठकों के सामने एक सरल लेकिन भावनात्मक संग्रह के रूप में प्रस्तुत किया है। पुस्तक ‘रॉक डेज़ीज’ अपनी मां को समर्पित है। समर्पण में उन माताओं को याद किया गया है, जो अपनी बेटियों की शिक्षा और सपनों के लिए उन्हें आगे बढ़ने का साहस देती हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विजय वर्धन, आईएएस (सेवानिवृत्त) रहे। सुभाष भास्कर, महासचिव, चंडीगढ़ साहित्य अकादमी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। द इंडियन एक्सप्रेस की रेजिडेंट एडिटर मनराज ग्रेवाल शर्मा ने सम्मानित अतिथि एवं मॉडरेटर की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन कवयित्री, लेखिका एवं एमसीएम डीएवी कॉलेज, चंडीगढ़ की सहायक प्रोफेसर डॉ. सुनैना जैन ने किया।
डॉ. देवयानी सिंह ने इंटरनेशनल टेररिज्म में पीएचडी की है और दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्यापन कर चुकी हैं। वे लोकसभा सचिवालय की विदेश मामलों की समिति में कार्यकारी अधिकारी के रूप में भी सेवाएं दे चुकी हैं। वर्तमान में वे एक शिक्षा पत्रिका से संपादक के रूप में जुड़ी हैं। वे कविता और लेखन के साथ-साथ रचनात्मक लेखन कार्यशालाओं का भी आयोजन करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *