कहा-यह वादा डूबते बैंक के पोस्ट-डेटेड चेक जैसा
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया कि पंजाब में ड्रग्स की समस्या खत्म करने के लिए उन्होंने दिसंबर 2029 तक की इतनी लंबी समय सीमा क्यों तय की है? वडिंग ने कहा, “पंजाब की बात छोड़िए, तब तक केंद्र में भाजपा सरकार रहेगी भी या नहीं, यह कौन जानता है? पूरी संभावना है कि तब भाजपा सत्ता में न हो।” उन्होंने इस समय सीमा को “डूबते हुए बैंक का लंबे समय बाद मिलने वाला पोस्ट-डेटेड चेक” करार दिया।
उन्होंने सवाल किया कि भाजपा सरकार चुनावों से ठीक पहले ही पंजाब में ड्रग्स की समस्या को लेकर क्यों जागी? वडिंग ने कहा कि केंद्र सरकार को पंजाब में ड्रग्स की गंभीरता और समस्या की भयावहता को समझने में इतना समय क्यों लगा? उन्होंने पूछा, “आखिर चुनावों के ठीक पहले ही क्यों?”उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले कई वर्षों से इस मुद्दे को लगातार उठाती रही है। वडिंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी के शासन के दौरान पंजाब में ड्रग्स की समस्या को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार ने पूरी तरह आंखें बंद कर रखी थीं। उन्होंने कहा, “अब जब चुनाव नजदीक हैं, तो शाह पंजाब में ड्रग्स की समस्या को लेकर जाग गए हैं।” उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग्स की सप्लाई और तस्करी पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रहने के लिए जहां पंजाब की आप सरकार जिम्मेदार है, वहीं केंद्र सरकार भी इस मामले में निगरानी रखने में विफल रही है। इसके अलावा, सीमा पार से ड्रोन के जरिए होने वाली ड्रग्स की तस्करी को रोकने के लिए भी केंद्र सरकार ने कोई ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाया।
इतनी लंबी समय सीमा क्यों? वडिंग का शाह से सवाल
