चंडीगढ़। कर्मचारियों के मसलों के हल के लिए गठित कैबिनेट सब-कमेटी के चेयरमैन और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार को शिक्षा क्षेत्र की 10 यूनियनों के प्रतिनिधियों और बिजली विभाग के थर्मल प्लांट कर्मचारी संघ के साथ मीटिंगें कीं। इन मीटिंगों के दौरान वित्त मंत्री चीमा ने कर्मचारी यूनियनों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों और मांगों पर विचार-विमर्श करते हुए उनकी सभी जायज मांगों को जल्द हल करने का भरोसा दिया। शिक्षा विभाग की यूनियनों द्वारा उठाई गई प्रमुख मांगें नई भर्तियों, तबादलों और वेतन ढांचे के संशोधन से संबंधित थीं। चीमा ने कर्मचारी नेताओं को भरोसा दिलाया कि “भगवंत मान सरकार ने अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी है और आवेदन मांगने संबंधी विज्ञापन जल्द ही जारी कर दिए जाएंगे।” उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सभी आवश्यक प्रक्रियाएं बिना किसी देरी के पूरी करने के निर्देश दिए और हिदायत की कि जिन मामलों में कैबिनेट की मंजूरी की जरूरत है, उन्हें तुरंत आगे भेजा जाए। भर्तियों के बैकलॉग के मुद्दे पर बात करते हुए चीमा ने शिक्षा विभाग को सामाजिक सुरक्षा, खेल, रक्षा सेवाएं कल्याण और परसोनल विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ संयुक्त मीटिंग करके लंबित पड़े मामलों का जल्द हल निकालने के निर्देश दिए।
थर्मल प्लांट कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ एक अलग मीटिंग के दौरान वित्त मंत्री चीमा ने बिजली विभाग के अधिकारियों को उनकी जायज मांगों का जल्द से जल्द निपटारा करने के लिए कहा।
इन मीटिंगों में विभिन्न यूनियन- बेरोजगार स्पेशल एजुकेटर फ्रंट, स्पेशल काडर टीचर फ्रंट, हेड मास्टर एसोसिएशन (पीईएस-टू), सरकारी स्कूल लैबोरेटरी स्टाफ यूनियन, ईटीटी टेट पास 5994 बैकलॉग अध्यापक यूनियन, दफ्तरी कर्मचारी यूनियन, कंप्यूटर अध्यापक यूनियन, यूनाइटेड फिजिकल एजुकेशन, बेरोजगार बी.एड. टेट पास अध्यापक यूनियन, एन.एस.क्यू.एफ. वोकेशनल टीचर्ज फ्रंट, थर्मल प्लांट कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
पंजाब सरकार शुरू करेगी अध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया, जल्द मांगे जाएंगे आवेदन: चीमा
