सुनील जाखड़ ने मंत्रियों की कोठियों और सर्किट हाउस का दौरा किया

चंडीगढ़। पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने चंडीगढ़ में पंजाब सरकार के मंत्रियों की कोठियों और सर्किट हाउस का दौरा किया। उन्होंने मीडिया की मौजूदगी में आरोप लगाया कि आधिकारिक आवंटियों के बजाय दिल्ली के आम आदमी पार्टी के नेता, अरविंद केजरीवाल की शह पर, इन सरकारी परिसरों में रह रहे हैं। जाखड़ ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही चर्चा या सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा करने के बजाय वह खुद यह देखने आए थे कि मंत्रियों की कोठियों में कौन रह रहा है।
जाखड़ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल कभी मुख्यमंत्री के तौर पर सरकारी कोठी न लेने की बात करते थे, लेकिन उनकी पार्टी के शासन में पार्टी से जुड़े लोगों तक ने मंत्रियों की सरकारी कोठियों पर कथित अवैध कब्जा कर रखा है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले उन्होंने सेक्टर 39 स्थित सर्किट हाउस में आज के लिए बुकिंग कराई थी, लेकिन पंजाब पुलिस उन्हें अंदर नहीं जाने दे रही थी। जाखड़ ने इसे कोठियों पर कथित अवैध कब्जे का प्रमाण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर बुकिंग के बावजूद उन्हें सर्किट हाउस में प्रवेश नहीं दिया गया, दूसरी ओर आम आदमी पार्टी से जुड़े लोगों ने बिना कानूनी अधिकार के सरकारी संपत्तियों पर कब्जा करके पंजाब के मंत्रियों को उनके आवासों से वंचित कर दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सर्किट हाउस के कमरे पार्टी के लोगों के स्थायी कब्जे में हैं और पंजाब से चंडीगढ़ आने वाले अधिकारियों, नेताओं तथा पत्रकारों को कमरे नहीं मिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *