खराब मौसम में खरीदी हुई गेहूं भीगी तो केंद्र होगा जिम्मेदार: बरसट मंडियों में पहुंचे 120.18 लाख टन गेहूं में से 119.12 लाख टन खरीदी
चंडीगढ़। पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य की मंडियों में किए गए पुख्ता प्रबंधों के चलते गेहूं खरीद का काम सुचारू ढंग से चल रहे हैं। राज्य की मंडियों में अब तक 120.18 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आमद हुई है, जिसमें से 119.12 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। इसमें से 68.81 लाख मीट्रिक टन गेहूं की ही लिफ्टिंग हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल का भुगतान भी किया जा रहा है, लेकिन केंद्र सरकार फसल का उठान करवाने में लापरवाही बरत रही है, जिसके चलते पंजाब की मंडियों में फसल के अंबार लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले ही पंजाब का रूरल डेवलपमेंट फंड रोका हुआ है और अब फसल नहीं उठा रही है। पंजाब के सभी गोदाम और शैलर अनाज से भरे हुए हैं, जिन्हें केंद्र सरकार द्वारा शिफ्ट करने में देरी की जा रही है। इस कारण मंडियों में खरीदा जा चुका गेहूं खुले में मौसम की मार झेल रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा मंडियों में पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, लेकिन मौसम खराब होने के कारण यदि खरीदी गई गेहूं भीग जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी। उन्होंने केंद्र सरकार से तुरंत अनाज उठवाने की अपील की, ताकि सभी को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि पंजाब की मंडियों में साफ-सफाई, पीने का पानी, बाथरूम, छाया, बैठने आदि के पूरे प्रबंध हैं, ताकि किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। पंजाब मंडी बोर्ड की ओर से गेहूं की खरीद करवाने के लिए कुल 1896 मंडियां घोषित की गई हैं, जिसमें 153 मुख्य यार्ड, 288 सब-यार्ड और 1455 खरीद केंद्र आते हैं। इसके साथ ही गेहूं की फसल की आमद को ध्यान में रखते हुए 986 अस्थायी मंडियां भी घोषित की हैं। उन्होंने बताया कि 3 मई को राज्य की मंडियों में 94,736 मीट्रिक टन गेहूं की आमद हुई, जबकि 1.17 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है। किसानों को लगभग 27343.09 करोड़ रुपये की अदायगी उनके बैंक खातों में किया जा चुका है। बरसट ने आगे बताया कि सरकारी एजेंसियों द्वारा 117.75 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है, जिसके तहत पनग्रेन द्वारा 38,51,335 मीट्रिक टन, एफसीआई द्वारा 2,37,447 मीट्रिक टन, मार्कफेड द्वारा 30,33,077 मीट्रिक टन, पनसप द्वारा 27,44,949 मीट्रिक टन और वेयर हाउस द्वारा 19,07,852 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। इसके साथ ही प्राइवेट स्तर पर 1,37,328 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई है।