सनेटा में 40 लाख की ग्रांट का ऐलान, लोगों को गुमराह करने की कोशिश
मोहाली। पंजाब के पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने मोहाली के सनेटा गांव में आयोजित “लोक मिलनी” कार्यक्रम को “फ्लॉप शो” करार देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान और स्थानीय विधायक कुलवंत सिंह की कड़ी आलोचना की है।
सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिद्धू ने कहा कि “लोक मिलनी” के नाम पर आयोजित कार्यक्रम में लोगों से सीधा संवाद करने के बजाय केवल औपचारिकता निभाई गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मंच से लगातार बोलते रहे, जबकि पीछे खड़े विधायक कुलवंत सिंह मुस्कुराते नजर आए, फिर भी उन्होंने अपने क्षेत्र से जुड़ी किसी भी महत्वपूर्ण मांग को सामने नहीं रखा। सिद्धू ने आरोप लगाया कि यह “लोक मिलनी” वास्तव में “पुलिस मिलनी” बनकर रह गई। उन्होंने कहा कि भारी पुलिस बंदोबस्त के कारण आम लोगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचने नहीं दिया गया। उन्होंने सवाल किया “यदि यह सचमुच लोगों की समस्याएं सुनने के लिए था, तो लोगों को अंदर जाने से क्यों रोका गया?” उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान जब एक महिला ने अपनी बात रखने की कोशिश की, तो उसे बीच में ही चुप करा दिया गया। सिद्धू ने कहा कि आज पंजाब में हालात ऐसे हैं कि जो भी व्यक्ति सरकार के खिलाफ बोलता है, उसे चुप करा दिया जाता है। उन्होंने आगे कहा कि नशे के मामले में सरकार पूरी तरह विफल रही है। पंजाब में “चिट्टा” का कहर कम होने के बजाय और बढ़ रहा है, लेकिन सरकार सिर्फ विज्ञापनों और फोटो तक सीमित रह गई है। उन्होंने 40 लाख रुपये की घोषित ग्रांट पर भी सवाल उठाए। सिद्धू के अनुसार यह राशि इलाके की जरूरतों के मुकाबले बहुत कम है और इसे लोगों के साथ मजाक ही कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि सनेटा में कांग्रेस सरकार के समय बने हेल्थ सेंटर के विस्तार को लेकर भी मुख्यमंत्री द्वारा कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई।
सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान सनेटा गांव में रिकॉर्ड विकास कार्य हुए। गांव के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए टोहा विकास के लिए 20 लाख रुपये, पंचायत घर के लिए 25 लाख रुपये का टेंडर, पीने के पानी के लिए 22 लाख रुपये, गलियों-नालियों के लिए 20 लाख रुपये मंजूर किए गए। इसके अलावा स्कूलों, धर्मशालाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भी बड़े स्तर पर फंड दिए गए और 4 करोड़ रुपये के अस्पताल प्रोजेक्ट का टेंडर किया गया।