स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन का सहयोग न मिलने का मुद्दा उठाया
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पार्टी के महासचिव (संगठन) कैप्टन संदीप संधू के नेतृत्व में राज्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की। उन्होंने आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के संबंध में विपक्षी दलों के प्रति स्थानीय प्रशासन द्वारा सहयोग न किए जाने का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल में संदीप संधू के अलावा पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू, गुरकीरत कोटली व अन्य नेता शामिल थे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए, संधू ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने राज्य चुनाव आयुक्त के सामने विभिन्न कठिनाईयां उजागर की हैं, जिनका सामना विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस को पंजाब में होने वाले नगर समितियों, नगर पंचायतों और नगर निगमों के चुनावों के संबंध में स्थानीय प्रशासन के स्तर पर करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने आयुक्त से आग्रह किया है कि स्थानीय प्रशासन को निर्देश जारी दिए जाएं कि वह विभिन्न प्रशासनिक आवश्यकताओं के मामलों में विपक्षी दलों के साथ सहयोग करें।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन पूरी तरह विपक्ष के प्रति शत्रुतापूर्ण रवैया अपनाए हुए है। संधू ने खुलासा किया कि पार्टी ने मतदाता सूचियों का मुद्दा भी उठाया है, क्योंकि ये सूचियां संबंधित क्षेत्रों के लिए जारी किए गए नक्शों से सही तरीके से मेल नहीं खाती हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों में एकरूपता नहीं है, क्योंकि कुछ वार्डों में 2000 मतदाता हैं, जबकि कुछ अन्य वार्डों में यह संख्या 5000 तक है।
