चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पेपर लीक के चलते NEET (UG) 2026 रद कर दिए जाने पर गहरा रोष प्रकट करते हुए कहा है कि भाजपा का न्यू इंडिया ऐसा दिखता है- लीक हुए पेपर, टूटे हुए सिस्टम और बर्बाद हुआ भविष्य। राजा वड़िंग ने एक्स पर लिखा- लाखों स्टूडेंट्स ने सालों तक पढ़ाई की, प्रेशर, एंग्जायटी और रातों की नींद हराम की, बस इस सरकार ने उन्हें फिर से फेल कर दिया। उन्होंने लिखा- भाजपा के राज में, पेपर लीक नार्मल हो गए हैं और जवाबदेही खत्म हो गई है। भाजपा ने कॉम्पिटिटिव एग्जाम को मजाक बना दिया है, जबकि विद्यार्थी और अभिभावक सरकार की नाकाबिलियत और भ्रष्टाचार का नतीजा भुगत रहे हैं। उन्होंने आगे लिखा- विद्यार्थियों को जवाबदेही मिलनी चाहिए, बहाने नहीं।
उल्लेखनीय है कि पेपर लीक के चलते नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने NEET (UG) 2026 को रद कर दिया है। सरकार की मंजूरी के बाद गत 3 मई को आयोजित इस परीक्षा को दोबारा आयोजित किया जाएगा, हालांकि एनटीए ने परीक्षा की नई तिथि फिलहाल घोषित नहीं की है। एनटीए ने दावा किया है कि इस बार पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ परीक्षा कराई जाएगी। गत 3 मई को हुई परीक्षा में देश भर से 22 लाख विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। अब इन विद्यार्थियों को एक बार फिर से परीक्षा की तैयारी करनी होगी।
कांग्रेस ने इस पूरे मामले में केंद्र सरकार को घेरते हुए आरोपा लगाया कि परीक्षा रद होने से लाखों छात्रों की मेहनत और अभिभावकों का पैसा बर्बाद हो गया। बीते 10 वर्षों में 89 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जो सरकार की व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।
पेपर लीक, एग्जाम रद्द, यही है भाजपा का न्यू इंडिया : राजा वड़िंग
