पंजाब को ममता बनर्जी का बंगाल नहीं बनने देंगे: सुनील जाखड़

भाजपा कार्यालय में घुसकर मारपीट करने वाले आप विधायक के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग

चंडीगढ़। पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को पंजाब का माहौल खराब न करने की चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा पंजाब को ममता बनर्जी के बंगाल जैसा बनाने की आप की कोशिशों को कभी सफल नहीं होने देगी। इस संबंध में सोशल मीडिया पर जारी संदेश में सुनील जाखड़ ने लिखा, “अरविंद केजरीवाल जी! ध्यान से सुन लीजिए, पंजाब को ममता बनर्जी का बंगाल नहीं बनने दिया जाएगा। प्रदर्शन के नाम पर बलाचौर (नवांशहर) में अकाली दल से आम आदमी पार्टी में शामिल हुए आपके विधायक सुखविंदर सुखी ने पुलिस की मौजूदगी में भाजपा कार्यालय में घुसकर भाजपा के जिला अध्यक्ष के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की। अरविंद केजरीवाल ने उन्हें आम आदमी पार्टी में शामिल कराकर विधायक को लूट करने का लाइसेंस तो दे ही दिया था, लेकिन क्या लोगों को पीटने का लाइसेंस भी दे दिया है? लुधियाना समेत कुछ अन्य स्थानों से भी ऐसी शिकायतें मिल रही हैं। अरविंद केजरीवाल जी, पंजाबी सब देख रहे हैं। आप चाहे जितने मर्जी ड्रामे कर लें, पंजाब को लूटने वाले भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और उन लोगों तक भी पहुंचेगी जो अभी पर्दे के पीछे छिपे हुए हैं। पंजाब पुलिस बिना देरी किए इस गुंडागर्दी के खिलाफ सख्त कदम उठाए।”
सुनील जाखड़ ने कहा कि हम आपके विरोध करने के अधिकार का सम्मान करते हैं, लेकिन विरोध के दौरान किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि राजनीति मर्यादा और शालीनता के दायरे में रहकर की जानी चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस इस गुंडागर्दी के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई करे। कैमरों में साफ दिखाई दे रहा है कि आप विधायक भाजपा कार्यालय में घुसकर मारपीट कर रहे हैं। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *