झाड़ू की ‘बेअदबी’ पर टांडा में पार्टी वर्कर की गिरफ्तारी का विरोध, कांग्रेस का राज्यव्यापी प्रदर्शन

चंडीगढ़। पंजाब भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने होशियारपुर जिले के टांडा में पार्टी कार्यकर्ता अर्शदीप सिंह की आम आदमी पार्टी के चुनाव चिन्ह “झाड़ू” की कथित “बेअदबी” करने के आरोप में हुई गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किए। राज्यभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने साथी के खिलाफ की गई सरकारी कार्रवाई के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से विभिन्न स्थानों पर झाड़ुओं को खोलकर प्रदर्शन किया।
इससे पहले, दिन में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने एक साधारण प्रतीकात्मक विरोध करने पर कांग्रेस कार्यकर्ता की गिरफ्तारी को लेकर पंजाब पुलिस की “तानाशाहीपूर्ण” कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि केवल इसलिए कि एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने झाड़ू को खोल दिया था, उसके खिलाफ की गई कार्रवाई यह दर्शाती है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार कितनी निराश और असुरक्षित महसूस कर रही है। वड़िंग ने कहा कि जहां आम आदमी पार्टी ने अपने पार्टी चिन्ह की कथित बेअदबी मानते हुए अर्शदीप को गिरफ्तार करने में कोई देरी नहीं की, वहीं पर वह श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के मामलों में कार्रवाई करने के समय पूरी तरह विफल और असहाय साबित हुई है। उन्होंने आप और उसके नेताओं को याद दिलाया कि पार्टी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के मामलों में 24 घंटे के भीतर न्याय दिलाने का वादा किया था, लेकिन अब चार वर्ष से अधिक समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *