मौलीजागरां में 10-15 हमलावरों ने की एक युवक की हत्या
चंडीगढ़। शहर के सेक्टर 11 में एक केमिस्ट शॉप पर दिन-दहाड़े कैशियर की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना को 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि रविवार रात मौली जागरां के विकास नगर में 10-15 हमलावरों के समूह ने एक युवक की हत्या कर दी और फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, विकासनगर निवासी तोता नामक युवक पर हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला किया। घटना के समय तोता के साथ उसका दोस्त आकाश भी मौजूद था। उसे भी गंभीर चोटें आई और उसे अस्पताल में भरती कराया गया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची मौली जागरां पुलिस चौकी की टीम ने घायल तोता और आकाश तो अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने तोता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक हमलावरों की संख्या 10 से 15 की बीच थी, जिन्होंने देर रात दोनों युवकों को घेर लिया और उन पर धारदार हथियारों से हमला किया। पुलिस हमलावरों की तलाश के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। तोता के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
