पंजाब पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी से जुड़े 63,749 बैंक खाते फ्रीज़ किए

करीब 540 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का पता लगा
2024 से अब तक लगभग 64 करोड़ की रिकवरी

चंडीगढ़। नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी से बचाने के लिए पंजाब पुलिस के राज्य साइबर क्राइम डिवीजन ने साइबर अपराधियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करते हुए न सिर्फ संगठित साइबर अपराध पर शिकंजा कसा है वहीं ठगी गई राशि की रिकवरी में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
पिछले एक वर्ष में पंजाब पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी से जुड़े 63,749 बैंक खाते फ्रीज़ किए हैं, जिनमें लगभग 540.34 करोड़ रुपये के लेन-देन शामिल थे। वर्ष 2024 से अब तक करीब 64 करोड़ रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए गए हैं, जिनमें से लगभग 38.42 करोड़ रुपये की रिकवरी 1 जनवरी 2025 के बाद की गई है। इसी अवधि में राज्य में 62,253 साइबर अपराध के मामले दर्ज किए गए। पिछले वित्तीय वर्ष में धोखाधड़ी से जुड़ी राशि को फ्रीज़ करने की दर 16.13 प्रतिशत से बढ़कर 23.43 प्रतिशत हो गई, जो वित्तीय रिकवरी में महत्वपूर्ण सुधार को दर्शाती है।

यह जानकारी साझा करते हुए डीजीपी गौरव यादव ने कहा, “साइबर धोखाधड़ी गिरोहों के खिलाफ बड़े स्तर पर की गई कार्रवाई से न केवल हजारों बैंक खाते फ्रीज़ हुए हैं और ठगी गई राशि वापस मिली है, बल्कि देशभर में सक्रिय संगठित साइबर अपराध नेटवर्क का भी पर्दाफाश हुआ है।” उन्होंने कहा, “जांच के दौरान साइबर अपराधियों के तौर-तरीकों, वित्तीय लेन-देन और अंतरराज्यीय संबंधों की पहचान करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। समय पर कार्रवाई और आधुनिक तकनीक के उपयोग से साइबर क्राइम डिवीजन ने धोखाधड़ी नेटवर्क को कमजोर किया है, नागरिकों की बचत की सुरक्षा की है तथा यह सुनिश्चित किया है कि दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए।”

जिलों में जालंधर कमिश्नरेट में सबसे अधिक 16,032 बैंक खाते फ्रीज़ किए गए, जिससे 6,81,00,323 रुपये की रिकवरी हुई। इसके बाद कपूरथला में 7,344 खाते फ्रीज़ कर 2,56,00,037 रुपये, होशियारपुर में 7,201 खाते फ्रीज़ कर 3,96,29,152 रुपये, जबकि फिरोजपुर में 6,930 खाते फ्रीज़ कर 93,16,954 रुपये की रिकवरी की गई। इसी प्रकार तरनतारन में 5,229 खाते फ्रीज़ किए गए, जिससे 6,97,65,710 रुपये की रिकवरी हुई। जालंधर देहात में 4,475 खाते फ्रीज़ कर 55,94,632 रुपये की रिकवरी की गई। इसके अलावा संगरूर में 1,760 तथा फतेहगढ़ साहिब में 2,685 बैंक खाते फ्रीज़ किए गए।

साइबर धोखाधड़ी की रोकथाम और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य साइबर क्राइम डिवीजन ने 129 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें मानसा में 50, श्री मुक्तसर साहिब में 44, लुधियाना में 31, होशियारपुर में 27, जालंधर में 25, खन्ना में 23 तथा बठिंडा में 19 कार्यक्रम शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *