चंडीगढ़ के गांव दरिया में ग्राम सभा आयोजित, विकास और जनकल्याण पर हुआ मंथन

चंडीगढ़। चंडीगढ़ के गांव दरिया के समग्र विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर स्थानीय प्रीत होटल में एक महत्वपूर्ण ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता गांव के पूर्व सरपंच गुरप्रीत सिंह ने की। इस अवसर पर गांव के बुजुर्गों, युवाओं तथा विभिन्न गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर गांव के विकास के लिए अपने सुझाव साझा किए।

गौरतलब है कि हाल के महीनों में इस गांव के निकट बसी अवैध कालोनियों की जमीनें चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा खाली कराए जाने के बाद, रेलवे स्टेशन के सामने बसा यह गांव बढ़ती आबादी का दबाव भी झेल रहा है, जिससे गांव में बिजली, पेयजल, ड्रेनेज व सीवरेज जैसी आधारभूत सुविधाओं को लेकर लोगों को दिक्कतें पेश आने लगी हैं। बैठक के दौरान गांव में आ रही विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं, सामाजिक समरसता और अन्य जनहित के विषयों पर अपने-अपने विचार रखे। सभी ने इस बात पर सहमति जताई कि गांव के विकास के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि गांव के विकास कार्यों और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए जल्द ही एक समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति गांव के हित में योजनाएं तैयार करेगी, सुझाव देगी और विकास कार्यों के सफल क्रियान्वयन में सहयोग करेगी। बैठक के अंत में पूर्व सरपंच गुरप्रीत सिंह ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि गांव के सभी लोग एकजुट होकर विकास के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और आपसी सहयोग से हर समस्या का समाधान निकालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *