अमृतसर: पंजाब के मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस पर कथित हमले का मामला सामने आया है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना घरिंडा थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बस में करीब 45 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें लगभग 80 प्रतिशत महिलाएं थीं, जबकि शेष अधिकांश बुजुर्ग यात्री थे। यह बस मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं को अटारी-वाघा बॉर्डर का भ्रमण कराने जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में दो युवकों ने अपनी कार बस के सामने खड़ी कर उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद उन्होंने बस में सवार श्रद्धालुओं के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया।
शिकायत के मुताबिक, दोनों आरोपी अपनी गाड़ी से बाहर निकले और उनके हाथों में बेसबॉल बैट तथा गंडासा जैसे धारदार हथियार थे। आरोप है कि उन्होंने बस पर हमला करने की कोशिश की, जिससे बस में मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल बन गया। घटना के दौरान एक दिव्यांग श्रद्धालु को कथित रूप से धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही अमृतसर ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 281, 125ए, 126(2), 351 और 109 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
