केंद्र और पंजाब के शिक्षा मंत्रियों के इस्तीफे की उठाई मांग
चंडीगढ़। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कांग्रेस भवन चंडीगढ़ में देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक और दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के कांग्रेस भवन पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने उनके आरोपों का जवाब देते हुए भाजपा से परीक्षा घोटालों पर जवाब मांगा।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक के लिए दोनों जिम्मेदार हैं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीएसई की मूल्यांकन प्रक्रिया में हुई गलतियों से भी छात्रों को नुकसान हुआ, लेकिन सरकार ने उनकी समस्याओं की कोई चिंता नहीं की।
नेताओं ने दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि पेपर लीक के दोषियों पर कार्रवाई करने की बजाय भाजपा सरकार छात्रों की आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने वालों की आवाज को कुचल रही है।
कांग्रेस नेताओं ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर वह केंद्र से जवाबदेही की मांग करती है, जबकि दूसरी ओर पंजाब में लगातार हुए पेपर लीक के बावजूद अपने शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को बचा रही है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार के दौरान फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा और पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं अंग्रेजी परीक्षा सहित कई बड़े पेपर लीक हुए, लेकिन किसी की जवाबदेही तय नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार और पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार, दोनों ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
प्रदर्शन में डीसीसी मोहाली कमल किशोर शर्मा, रंजीत सिंह, हरसिमरन सिंह, अमन सिद्धू, कंवरबीर सिंह (रूबी सिद्धू), जंग बहादुर सिंह, राणा बलजीत सिंह, ज्ञान सिंह, पूर्व विधायक विजय टिंकू, मनजीत सिंह, हैप्पी खेड़ा, अमित बावा और रविंदर रूबी गिल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
