जंतर-मंतर पर माहौल तनावपूर्ण, भारी पुलिस बल तैनात, 16 मेट्रो स्टेशन दूसरे दिन भी बंद

अभिजीत दीपके का आरोप, पुलिस ने धरनास्थल पर एक डैमेज कार खड़ी की

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में जारी प्रदर्शन के बीच गुरुवार को भी माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन स्थल और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिस तथा अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने लगातार दूसरे दिन राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगली सूचना तक बंद रखने का फैसला किया है। डीएमआरसी के अनुसार लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन सुबह 7:30 बजे से बंद हैं। इन स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव भी नहीं हो रहा है, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस बीच सीजेपी ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल के बाहर एक पूरी तरह क्षतिग्रस्त कार खड़ी की है। पार्टी ने सोशल मीडिया ‘X’ पर कार की तस्वीरें साझा करते हुए दावा किया कि वाहन पहले से ही टूटी हुई अवस्था में वहां लाया गया था और इसे रिकॉर्ड में रखा जाना चाहिए, ताकि बाद में किसी भी नुकसान का आरोप शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर न लगाया जा सके। सीजेपी ने बुधवार को यह भी दावा किया था कि जंतर-मंतर के आसपास इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। पार्टी संयोजक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर पोस्ट करते हुए आशंका जताई कि सरकार एक बार फिर पुलिस कार्रवाई की तैयारी कर रही है। उन्होंने पुलिस और अर्धसैनिक बलों से अपील की कि वे निर्दोष प्रदर्शनकारियों के खिलाफ किसी भी अवैध आदेश का पालन न करें।

उधर, आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार दिल्ली की जीवनरेखा मानी जाने वाली मेट्रो सेवा को लगातार प्रभावित कर आम लोगों को असुविधा पहुंचा रही है, लेकिन जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं से बातचीत करने को तैयार नहीं है। फिलहाल प्रदर्शन स्थल पर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *