पंजाब में डिजिटाइज़्ड जन्म प्रमाणपत्रों को अपडेट करने की समय-सीमा बढ़ी

8वीं कक्षा के विद्यार्थी 30 अक्तूबर 2026 तक अपडेट करा सकते हैं प्रमाणपत्र
9वीं और 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों को अगले शैक्षिक सत्र तक का मिला समय

चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए यूनिफाइड स्टूडेंट रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर डिजिटाइज़्ड जन्म प्रमाणपत्र अपडेट करने की समय-सीमा में वृद्धि को मंजूरी दी है। इस कदम का उद्देश्य डिजिटल पंजीकरण प्रक्रिया को आसान बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि दस्तावेज़ों से संबंधित देरी के कारण किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश लेने में कोई कठिनाई न हो।

इस राहत की घोषणा करते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि 8वीं कक्षा के विद्यार्थियों, जिनके पास डिजिटाइज़्ड जन्म प्रमाणपत्र नहीं है, को दस्तावेज़ प्राप्त करने और इसे पोर्टल पर अपडेट करने के लिए 30 अक्टूबर, 2026 तक का समय दिया गया है। इसी प्रकार, 9वीं और 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों को पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान आवश्यक सुधार और इसे अपडेट करने के लिए अगले शैक्षणिक सत्र तक का समय दिया गया है।

बैंस ने कहा, “हमारी सरकार यूनिफाइड स्टूडेंट रजिस्ट्रेशन पोर्टल के माध्यम से एक कागज रहित, पारदर्शी और कुशल शिक्षा प्रणाली की शुरुआत के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। हालाँकि, हम विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामने आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से पूरी तरह परिचित हैं। यह समय-सीमा में वृद्धि हमारी व्यापक सोच का प्रमाण है। हम अपनी प्रक्रियाओं को आधुनिक बना रहे हैं, लेकिन हम प्रक्रिया से जुड़ी बाधाओं को बच्चों की शिक्षा में रुकावट नहीं बनने देंगे।”

शिक्षा मंत्री ने सभी स्कूल प्रमुखों को अभिभावकों के साथ समन्वय करने के अलावा यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुचारू रूप से पूरी की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *