पंजाब-चंडीगढ़ में शनिवार से 4 दिन तक बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट
हिमाचल में कांगड़ा-मनाली में शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का अनुमान
चंडीगढ़: उत्तर भारत में शुक्रवार को भले ही मौसम शुष्क और गरम रहा लेकिन मौसम विभाग ने शनिवार 14 मार्च से पंजाब और चंडीगढ़ के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी करते हुए अगले चार दिन तक तेज बारिश और 30-40 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने की भविष्यवाणी की है। उधर, हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भी शनिवार 14 मार्च रात से ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। इस दौरान अधिकांश स्थानों पर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। हालांकि वीरवार को अटल टनल, रोहतांग, केलांग, पांगी में बर्फबारी और भुंतर में ओलावृष्टि हुई जबकि मनाली, कुल्लू, भुंतर और कांगड़ा के कई इलाकों में कल और आज सुबह बारिश रिकार्ड की गई। रोहतांग दर्रा में करीब 10 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई वहीं केलांग, कोकसर, कुंजम दर्रा, शिंकुला और बारालाचा में भी बर्फबारी हुई है। यानी, इस वीकेंड पर खासतौर पर पंजाब और चंडीगढ़ के निवासी बारिश, बर्फबारी और ठंडी हवाओं का आनंद लेने के लिए घूमने निकल सकते हैं।
इधर, पंजाब में बीते 24 घंटों के दौरान जहां अमृतसर और पठानकोट के इलाकों में बारिश दर्ज की गई वहीं अब 14 मार्च को पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश, 15-16 मार्च को अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, मोहाली सहित करीब 12 जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने और बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इससे तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है वहीं 20 मार्च तक रात का तापमान भी 12-16 डिग्री रहने के कारण सर्दी का एहसास हो सकता है।

